नई दिल्ली : पीयूष गोयल ने आज यहां ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के अनेबलिंग भारत 2.0 का शुभारंभ करते हुये कहा कि ओएनडीसी दुनिया में ई कॉमर्स का इंजन बनने की दिशा में बढ़ रहा है। गोयल ने इसके साथ ही भारत में डिजिटल कॉमर्स के लाेकतांत्रिकीकरण पर एक रिपोर्ट का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि ओएनडीसी विभिन्न ई कॉमर्स कंपनियों के साथ ही खुदरा विक्रेताओं और डिजिटल पेल्टफॉर्म को एक मंच प्रदान करता है। इससे किसी रिटेलर को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि ओएनडीसी वास्तव में भारत के समग्र विकास की ओर बढ़ रहा है और ओएनडीसी से किसी को कोई खतरा नहीं है। यह सभी को समान अवसर दे रहा है।
गोयल ने यूपीआई भुगतान का उल्लेख करते हुये कहा कि देश में डिजिटल भुगतान की लागत अभी दुनिया में सबसे कम है। भारत में जीतना डिजिटल पेमेंट हो रहा है उतना अमेरिका और यूरोप में भी नहीं हो रहा है। यहां तक कि चीन में भी इतना डिजिटल भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने देश के सभी कंपनियों और रिटेलरों को ओएनडीसी पर आने की अपील करते हुये कहा कि ऑनलाइन मार्केट प्लेस के आने के बाद अमेरिका में रिटेलरों की जो स्थिति हुयी है वैसी स्थिति से बचाने के लिए ही ओएनडीसी को बनाया गया है।
