फगवाड़ा : पंजाब के फगवाड़ा की महतपुर पुलिस ने मंगलवार एक महिला की गोली मारकर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जालंधर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुखविंदर सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को बताया कि उधोवाल गांव के रवि कुमार को गिरफ्तार किया गया है। भुल्लर ने कहा कि आरोपी आज उधोवाल गांव में कश्मीर चंद के घर में घुस गया और गोलियां चलाईं जिसमें उसकी पत्नी गुरबख्श कौर की मौके पर ही मौत हो गई और पुत्र दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जालंधर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम ने दो घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से 32 बोर रिवाल्वर और पांच खाली कारतूस, 20 कारतूस बरामद कर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) 307 (हत्या का प्रयास) 452 (हाउस ट्रेस पास) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27/54/59 के तहत मामला दर्ज किया है।
