भरतपुर : राजस्थान के भरतपुर में कुम्हेर थाना क्षेत्र के पचौरा गांव में आज तालाब में डूबती 13 साल की बेटी को बचाने के प्रयास में मां-बेटी की डूबने से मौत हो जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगीना (36) अपने बेटी रिषिका (16), पूनम (13) और देवर की बेटी आरती के साथ गांव से 500 मीटर की दूर बकरियां चराने तालाब पर गई थी। हादसे के वक्त नगीना, रिषिका और आरती पेड़ के नीचे बैठीं थी जबकि छोटी बेटी पूनम तालाब पर बकरियों को पानी पिला रही थी। तभी अचानक पूनम का पैर फिसला और वह गहरे तालाब में जा गिरी। पूनम को गिरता देख बचाने के लिए नगीना ने तालाब में छलांग लगा दी। नगीना डूबने लगी तो बड़ी बेटी रिषिका भी बहन और मां को बचाने तालाब में उतर गई।
रिषिका को चचेरी बहन आरती ने रस्सी डालकर बचा लिया लेकिन नगीना और पूनम पानी में समा गईं। हादसे के बाद रिषिका और आरती भागकर गांव पहुंचीं और घटना के बारे में परिजनों एवं ग्रामीणों को बताया। घटना की सूचना के बाद करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने माँ नगीना एवं बेटी पूनम के शव को 20 फीट गहरे तालाब से निकाला। थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुम्हेर अस्पताल की मोर्चरी के रखवाया है।
तालाब में डूबने से मां बेटी की मौत
