बलिया : उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र में मंगलवार को सब्जी के खेत में काम करने के दौरान विद्युत स्पर्श घात से पिता-पुत्र की मौत हो गई । पुलिस सूत्रों ने बताया कि टेंगरही गांव निवासी वकील शर्मा (55) अपने पुत्र श्याम प्रकाश के साथ चांदपुर गांव स्थित अपने खेत मे सिंचाई का काम कर रहे थे कि वकील खेत में पशुओं को आने से रोकने के लिए खेत के चारों तरफ लगे छोटे खंभे में प्रवाहित हो रही बिजली के चपेट में आ गए। पिता को बचाने के लिए श्याम प्रकाश आगे बढ़ा तो वह भी करेंट की चपेट में आ गया । घटना के बाद ग्रामीणों ने झुलसे पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक श्याम प्रकाश बीए का छात्र था व दो भाइयों में वह सबसे छोटा था। बड़ा भाई मनीष कुमार शर्मा पुलिस में है ।
