श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को हंदवाड़ा उप जिले में वेश्यावृति गिरोह का भंडाफोड़ कर एक दंपति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि एक महीने से भी कम समय में केन्द्र शासित प्रदेश में यह तीसरा सेक्स रैकेट है। पुलिस ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से रेशीपोरा हंदवाड़ा में एक व्यक्ति के घर से अनैतिक गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि इसके बाद एक तलाशी दल ने रेसिपोरा के शब्बीर अहमद वार के घर पर छापा मारा, और वेश्यावृति गिरोह का भंडाफोड़ किया और मौके से मकान मालिक और उसकी पत्नी, एक महिला और दो ग्राहकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान डांगरपोरा, रफियाबाद के रईस अहमद लोन, बिनेर, बारामूला के बिलाल अहमद शेख, मकान मालिक शब्बीर अहमद वार और उसकी पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि मौके से 47,800 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस स्टेशन क्रालगुंड में मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है। उल्लेखनीय है कि गत तीन अप्रैल को, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़ किया, जो श्रीनगर के बाग-ए-मेहताब इलाके में एक किराए के घर से संचालित किया जा रहा था। कुछ दिनों बाद श्रीनगर शहर में एक दूसरे वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़ किया गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया
