नई दिल्ली : देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनियों में शुमार भारती एयरटेल ने अल्ट्रा-फास्ट 5जी सेवा का विस्तार तीन हजार शहरों और कस्बों तक कर दिया है। कंपनी ने गुरुवार को यहां इसकी घोषणा करते हुए बताया कि कंपनी की सेवाएं जम्मू के कटरा से लेकर केरल के कुनूर तक, बिहार के पटना से तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक, अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर से केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव तक मौजूद है। साथ ही देश के सभी प्रमुख शहरों और ग्रामीण हिस्सों में एयरटेल 5जी प्लस सेवा की पहुंच है।
इस अवसर पर भारती एयरटेल के सीटीओ रणदीप सेखों ने कहा, “हम देश के बड़े हिस्से में 5जी पहुंचाकर काफी उत्साहित हैं। सितंबर 2023 तक देश के हर कस्बे और प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज हम प्रतिदिन 30 से 40 शहरों/कस्बों को 5जी सेवाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं। साथ ही हम शहरी और ग्रामीण भारत के ग्राहकों को 5जी को तेजी से अपनाते हुए देख रहे हैं। एयरटेल 5जी प्लस प्रोपेलर के रूप में काम करेगा जो डिजिटल कनेक्टिविटी की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ाएगा, नए बिजनेस मॉडल तैयार करेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, विनिर्माण आदि जैसे उद्योगों में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।” उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में एयरटेल ने 5जी का प्रदर्शन शानदार रहा है। एयरटेल ने देश में अपने सभी रिटेल स्टोर्स पर 5जी एक्सपीरियंस जोन बनाया है।
एयरटेल 5जी प्लस अब देश के तीन हजार शहरों और कस्बों में उपलब्ध
