इटावा : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बसरेहर कोतवाली क्षेत्र में लूट के बाद भाग रहे बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान मैनपुरी के 20 हजार रूपये के इनामी बदमाश मधुरेश के तौर पर की गयी है। घायल बदमाश को डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि बसरेहर पुलिस को कस्बे के शिशुपाल के पर्स लूटने की सूचना मिली। लूट के शिकार हुए पीड़ित ने बताया था कि आरोपी चौबिया की तरफ भागे हैं।
इस पर थाना पुलिस ने वायरलेस से सूचना देखकर चौबिया पुलिस को अलर्ट कर दिया। जानकारी होने पर चौबिया पुलिस ने थाने के पास ही चेकिंग शुरू करा दी। इस दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर गांव अहकारीपुर के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने बचाव में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी फरार हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मधुरेश निवासी नगला मुले थाना कोतवाली जिला मैनपुरी बताया। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी मैनपुरी और फिरोजाबाद का वांटेड अपराधी है। मैनपुरी में उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी है।
