भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा में घर में बैठकर बंदूक की सफाई करते समय ट्रिगर दबने से अचानक गोली चलने से पास बैठी पत्नी को जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पति खुद ही काछोला थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उधर, घटना के बाद परिजन महिला को जिला अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन यह कहते हुये की महिला की मौत छत से गिरने से हुई, शव लेकर रवाना हो गये। पुलिस फिल्हाल शव के गोठड़ा पहुंचने का इंतजार कर रही है।
थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि गोठड़ा निवासी भगवतसिंह राजपूत एवं उसकी पत्नी दुर्गाकंवर 46 आज दोपहर अपने घर पर ही थे। भगवत सिंह, टोपीदार बंदूक की सफाई कर रहा था,तभी अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई। यह गोली उसकी पत्नी दुर्गा कंवर को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े गोली की आवाज से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग वहां जमा हो गये। वहीं दुर्गाकंवर को परिजन गांव से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने दुर्गाकंवर को मृत घोषित कर दिया।
उधर, परिजन यह कहते हुये कि दुर्गा कंवर छत से गिर गई। शव लेकर अस्पताल से गांव के लिए रवाना हो गये। वहीं दूसरी और घटना के बाद पति भगवत सिंह खुद ही काछोला थाने पहुंचा और उसने उक्त जानकारी पुलिस को बताई। पुलिस ने पति को डिटेन कर लिया। शव के गांव पहुंचने का पुलिस इंतजार कर रही है ताकि शव कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया जा सके।
बंदूक की सफाई करते समय ट्रिंगर दबने से गोली चली, महिला की मौत
