गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महिला महाविद्यालय ने मनाया द्वितीय दीक्षांत समारोह

  • डिग्री प्राप्त छात्राओं ने मनाया सफलता का जश्न
  • समारोह में नव-निर्मित मंच का हुआ लोकार्पण
  • हकेंवी उप-कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) टंकेश्वर कुमार ने छात्राओं को दी डिग्रियाँ
  • ट्रस्ट के चेयरमैन गोविंद राम चौधरी ने छात्राओं को किया पुरस्कृत
  • महिला महाविद्यालय बिते वर्षों की अपेक्षा अब छू रहा बुलंदीयांँ
  • सम्मानित वरिष्ठ छात्राओं को कनिष्ठ छात्राओं ने सम्मान सहित किया विदा
  • महाविद्यालय प्राचार्या समेत स्टाॅफ़ ने गिनाई उपलब्धियाँ
  • हकेंवी के उप-कुलपति ने दीक्षांत समारोह में की प्राचार्या के प्रयासों की सराहना
  • प्राचार्या ने महाविद्यालय में पीजी प्रांरभ के लिए किया आव्हान
  • डिग्री प्राप्त टाॅप छात्राओं ने बताए अनुभव, काॅलेज समेत की कक्षा प्रवक्ताओं की प्रशंसा

कपिल शर्मा | गौरवशाली भारत

नाँगल चौधरी। बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय में गुरुवार को द्वितीय दीक्षांत एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय प्राचार्या डाॅ. अनिता तंवर की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य समारोह में हरियाणा जिला महेंद्रगढ़ ग्राम जाट पाली स्थित केन्द्रीय विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रोफेसर (डाॅ.) टंकेश्वर कुमार मुख्य अतिथि स्वरूप शामिल हुए। इस अवसर पर उप-कुलपति ने कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की छात्राओं को महाविद्यालय में अध्ययन सत्र 2017 से 2020 तक तृतीय वर्ष पूर्ण करने पर करीब 220 स्नातक उपाधि प्रदान की।

वहीं पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि स्वरूप कोलकाता से पहुंचे चौधरी बैजनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन एवं अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के उद्योगपति और प्रमुख समाजसेवी भामाशाह स्व. बैजनाथ चौधरी के सुपुत्र गोविंद राम चौधरी अनमोल इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर द्वारा समारोह में मेधावी एवं प्रतिभावान छात्राएँ जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिता, शिक्षा, कला, संस्कृति खेल-कूद में उत्कृष्ट एवं उम्दा प्रदर्शन में विजेता छात्राओं को प्रशंसा पत्र के साथ मेडल – मोमेंटो से सम्मानित किया।

द्वितीय दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि स्वरूप पहुंचे वर्धमान महावीर सोसाइटी फरीदाबाद से एससी जैन, नारनौल से वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश मेहता, प्रमुख समाज सेवी रामानंद अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे प्रारंभ हुआ। सबसे पहले मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा महाविद्यालय में नव-निर्मित मंच का लोकार्पण किया गया। विद्यादायनी देवी भगवती सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

महाविद्यालय प्राचार्य ने द्वितीय दीक्षांत समारोह में महेंद्रगढ़ जिला पुलिस-प्रशासन समेत वरिष्ठ अधिकारियों व महान शिक्षाविदों का जताया आभार

द्वितीय दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम की अध्यक्षता में अपने अध्यक्षीय संबोधन में संबोधित करते हुए महाविद्यालय प्राचार्या डाॅ. अनिता तंवर ने अतिथियों के औपचारिक स्वरूप परिचय के साथ महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट को पढ़ते हुए महाविद्यालय का संक्षिप्त वर्णन सभी के सामने रखा। साथ ही प्राचार्या ने महाविद्यालय की मूल भूत सुविधाओं की उपलब्धियांँ बताई और महाविद्यालय की आवश्यकताओं को भी सभी के सामने रखा। उन्होंने छात्राओं के लिए स्नातकोत्तर कक्षाएँ शुरू करवाने का आव्हान किया। प्राचार्य डाॅ. अनिता तंवर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में महाविद्यालय में पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि स्वरूप स्वजनों का हार्दिक धन्यावाद करते हुए महेंद्रगढ़ जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया।

इस कार्यक्रम में फरीदाबाद से पहुंचे विशिष्ट अतिथि स्वरूप वर्धमान महावीर सोसाइटी के संस्थापक एससी जैन ने महाविद्यालय में 9 सिंगर सिलाई मशीन भेंट की। साथ ही 62 छात्राओं को सिंगर मशीन प्रशिक्षण सर्टिफिकेट से सम्मानित किया। श्री जैन ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हुए विभिन्न कौशल की स्थापना की। बताया कि श्री जैन द्वारा मानव समाजहित में विभिन्न शहरों में चिकित्सालय और कौशल केंद्र भी खुलवाए हैं। श्री जैन ने कहा – बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम छात्राओं के लिए एक उपलब्धि है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में उनका योगदान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने महाविद्यालय को आश्वासन देते हुए कहा कि वह सहयोग के लिए वह सदैव तत्पर हैं।

हकेंवी के उप-कुलपति ने दीक्षांत समारोह में की प्राचार्या के प्रयासों की सराहना

समारोह में मुख्य अतिथि स्वरूप हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. (डाॅ.) टंकेश्वर कुमार ने अपने संबोधन में कहा – महिलाओं का आत्मनिर्भर और शिक्षित होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा – एक लड़के को पढ़ाने से केवल एक इंसान शिक्षित होता है। लेकिन, एक लड़की को पढ़ाने से एक परिवार शिक्षित होता है। श्री टंकेश्वर ने 220 डिग्रियाँ प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई दी। साथ ही कहा – मुझे यह जानकर अत्यन्त खुशी है कि, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महाविद्यालय ने एक अच्छी पहल की है। जिसमें लगभग 60 छात्राओं को सत्र 2022-23 में तीन महीने के फैशन एंड डिजाइनिंग कोर्स में प्रशिक्षित किया है। यह पहल निश्चित ही छात्राओं को स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण रहेगी। महाविद्यालय द्वारा इस पहल की मैं सराहना करता हूंँ। हकेंवी उप-कुलपति ने स्नातक हुई छात्राओं के अभिभावकों को भी विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा – दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए जीवन में बहुत ही विशेष अवसर होता है। इसमें कड़े परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का फल डिग्री और एवार्ड के रूप में मिलता है। यह डिग्री उनके द्वारा प्राप्त शिक्षा की गुणवत्ता का प्रमाण भी है। जो कि वास्तविक दुनिया का सामना करने और उसका मूल्यांकन करने के लिए विद्यार्थियों के काम आने वाली है। दीक्षांत समारोह एक ऐसा अवसर होता है। जब विद्यार्थी अपनी सफलता का जश्न उन लोगों के साथ मनाते हैं, जो लोग शिक्षा की यात्रा के दौरान हर कदम पर उनके साथ थे। इसमें उनके शिक्षक गण, माता-पिता, सहपाठी और मित्र होते हैं। श्री टंकेश्वर ने आगे कहा कि, राजकीय महाविद्यालय में देश और प्रदेश की भूमिका होती है। यह एक सुनहरी यादगार घड़ी होती है। दीक्षांत समारोह अपने पूूर्व विद्यार्थियों को अपने शिक्षण संस्थान के साथ उनकी यात्रा को बताने और वर्तमान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन करने का भी मौका देता है। शिक्षा हर इंसान के लिए जरूरी है। क्योंकि, एक शिक्षित इंसान ही घर परिवार, समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बेहतर समझ सकता है और देश की प्रगति में अपना योगदान दे सकता है। हकेंवी उप-कुुलपति प्रोफेसर (डाॅ.) टंकेश्वर कुमार ने बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में करीब 10 मीनट के अपने संबोधन में शिक्षा से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की प्रशंसा करते हुए प्राचार्या डाॅॅ. अनिता तंवर द्वारा छात्राओं के हित में किए गए प्रयासों की सराहना की।

अनमोल इंडस्ट्रीज के एमडी गोविंद राम चौधरी ने गौरवमयी 10 वर्ष पूरे होने पर जताई खुशी

बैजनाथ चौधरी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन और अनमोल इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर गोविंद राम चौधरी ने द्वितीय दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए छात्राओं को डिग्री मिलने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने शिक्षा के स्तर पर आगे बढ़ने के लिए छात्राओं के उज्वल भविष्य की कामना की।

वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश मेहता ने दी छात्राओं को शुभकामनाएं

विशिष्ट अतिथि स्वरूप नारनौल से पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश मेहता ने छात्राओं को शिक्षा में कानून महत्व बताया। श्री मेहता ने महिला महाविद्यालय की छात्राओं को उनके अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्होंने छात्राओं को सर्वाधिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिभावान छात्राओं को प्रशंसा पत्र एवं मोमेंटो देकर किया सम्मानित

महाविद्यालय की कॉलेज कलर के लिए बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा विजय लक्ष्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा एकता को एथलीट में श्रेष्ठ स्थान हासिल किया। तो वहीं दो एनएसएस वालंटियर के रूप में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा लक्ष्मी और विजयलक्ष्मी विजेता रही। तीनों छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय में पारितोषिक वितरण समारोह में सम्मानित सूची में, शिक्षा के क्षेत्र में 28 छात्राएं, तो वहीं महिला प्रकोष्ठ के अंतर्गत 53 छात्राओं को सम्मान मिला। खेलकूद में 23 छात्राओं को पुरस्कार मिला। एनएसएस की 7 छात्राएं एवं विभिन्न कौशल में उत्कृष्ट. प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्राचार्या सहित मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कार से सम्मानित किया। इस वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में संतोष यादव ने मंच का संचालन किया। यह द्वितीय दीक्षांत समारोह एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह प्रभारी रमन की देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस समारोह के अवसर पर शहीद मेजर सतीश दहिया काॅलेज के प्राचार्य डॉ अनिल यादव, पायलट कॉलेज के प्राचार्य मनोज जाखड़, रामानंद अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य स्वजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *