बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के मंडई गांव में एक मामले में पूछताछ के लिए पहुंची पुलिस पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला हो गया। जिसमें थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। हमले में एक सहायक उप निरीक्षक को गंभीर चोट आई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने मुलताई पहुंचकर घायल एएसआई से चर्चा की। मुलताई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) नृमता सोधिया ने आज बताया कि एक फाइनेंस कंपनी ने बोरदेही पुलिस को शिकायत की थी कि ग्राम मंडई निवासी मिथुन मगरदे और कन्हैया मगरदे ने जीप फाइनेंस पर खरीदी थी। बार बार ऋण वसूली पर जा रही फाइनेंस कंपनी को मिथुन, कन्हैया और उनका परिवार डरा-धमकाकर भगा देते है। कंपनी को जानकारी लगी थी कि मगरदे बंधु ने ट्रेक्टर किसी अन्य को बेच दिया है।
पुलिस मिली शिकायत पर मिथुन और कन्हैया को जांच के लिए थाने बुला रही थी, लेकिन दोनों थाने नहीं आ रहे थे। कल रात को बोरदेही थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर अपने साथ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मुकेश ठाकुर, आरक्षक कन्हैया रघुवंशी एवं रोहन के साथ मंडई गांव मगरदे के निवास पूछताछ के लिए पहुंचे थे। यहां कन्हैया मगरदे, अरूण, अशोक, अन्नू समेत करीब सात लोग हाथ में कुल्हाड़ी, लाठी, फावड़ा लेकर पुलिस पर टूट पड़े। हमले में थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर और आरक्षक कन्हैया रघुवंशी ठाकुर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी वही एएसआई मुकेश ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आने पर मुलताई के निजी अस्पताल में भर्ती किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी के साथ मुलताई पहुंचकर अस्पताल में भर्ती एएसआई से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटना में शामिल सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने,सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मी हमले में घायल
