गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शेयर बाजार ने भरी उड़ान

मुंबई : एशियाई बाजारों की तेजी से उत्साहित निवेशकों की विप्रो, एसबीआई, रिलायंस, मारुति और टाटा स्टील समेत 24 दिग्गज कंपनियों में हुई लिवाली की बदौलत शेयर बाजार आज लगातार सातवें दिन भी बढ़त पर रहा। बीएसई का तीस शेयराें वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 463.06 अंक अर्थात 0.76 प्रतिशत की छलांग लगाकर ढाई महीने के उच्चतम स्तर 61 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 61112.44 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 149.95 अंक यानी 0.84 प्रतिशत उछलकर 18 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर 18065 अंक पर पहुंच गया।
बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी जमकर लिवाली हुई। इससे मिडकैप 1.32 प्रतिशत की तेजी लेकर 25,492.43 अंक और स्मॉलकैप 0.91 प्रतिशत मजबूत होकर 28,917.07 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई में कुल 3629 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2238 में लिवाली जबकि 1259 में बिकवाली हुई वहीं 132 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह 40 कंपनियां हरे जबकि शेष 10 लाल निशान पर बंद हुई।
बीएसई के 19 समूहों में तेजी रही। इस दौरान दूरसंचार 2.44, कैपिटल गुड्स 1.74, इंडस्ट्रियल्स 1.54, सर्विसेज 1.51, यूटिलिटीज 1.32, कमोडिटीज 1.29, पावर 1.27, टेक 1.10, आईटी 1.04, सीडी 0.68, ऊर्जा 0.88, एफएमसीजी 0.97, तेल एवं गैस 0.69, वित्तीय सेवाएं 0.54, हेल्थकेयर 0.89, ऑटो 0.83, रियल्टी 0.42, बैंकिंग 0.39 और धातु समूह के शेयर 0.36 प्रतिशत चढ़ गए। एशियाई बाजारों में तेजी जबकि यूरोपीय बाजार में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान जापान का निक्केई 1.40, हांगकांग का हैंगसेंग 0.27 और चीन के शंघाई कंपोजिट ने 1.14 प्रतिशत की छलांग लगाई वहीं ब्रिटेन का एफटीएसई 0.19 और जर्मनी का डैक्स 0.29 प्रतिशत उतर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *