गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

फोनपे पर शुरू हुआ यूपीआई लाइट फीचर

बेंगलुरु : डिजिटल पेमेंट प्लेटफार्म फोनपे ने आज अपने ऐप पर यूपीआई लाइट फीचर की शुरुआत करने की घोषणा की। कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि इस फीचर से उपयोगकर्ता 200 रुपये से कम के भुगतान बिना पिन डाले अपने यूपीआई लाइट अकाउंट के ज़रिए बस एक टैप से कर सकते हैं। लेनदेन की प्रक्रिया सीधे ऑन-डिवाइस यूपीआई लाइट बैलेंस डेबिट होने से पूरी हो जाएगी। इससे ग्राहकों के बैंक (रेमिटर बैंक) के मुख्य बैंकिंग सिस्टम को रीयल-टाइम में शामिल करने की ज़रूरत नहीं रहेगी। यह लेनदेन सामान्य यूपीआई लेनदेन की तुलना में बिना किसी रुकावट के और ज़्यादा तेज़ी से किया जा सकेगा। साथ ही, लेनदेन सफल होने की संभावना भी बढ़ेगी।
सभी बड़े बैंक फोनपे पर यूपीआई लाइट को सपोर्ट करते हैं और देशभर में सभी यूपीआई मर्चेंट और क्यूआर इसे स्वीकर करते हैं। यह फीचर ‘ऑन-डिवाइस’ बैलेंस से चलता है, जिससे छोटी राशि वाले भुगतान जैसे किराने के सामान या यात्रा के लिए भुगतान, काफी व्यस्त समय में भी रीयल-टाइम में तेज़ी से किए जा सकते हैं। फोनपे के सह-संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी राहुल चारी ने कहा, “यूपीआई लाइट , यूपीआई का मुख्य भाग है, जिसका लक्ष्य उपयोगकर्ताओं के छोटे और अक्सर किए जाने वाले खर्चों के लिए डिजिटल भुगतान के अनुभव को बेहतर बनाना है। छोटे-छोटे लेन-देन, यूपीआई के ज़रिए होने वाले कुल पेमेंट का एक बड़ा हिस्सा होते हैं और यूपीआई लाइट उन्हें जल्द और आसान बनाएगा।

इससे यूपीआई की मौजूदा संरचना (इंफ़्रास्ट्रक्चर) पर किसी तरह का दबाव भी नहीं पड़ेगा। यूपीआई लाइट ऐसे तरीकों की शुरुआत का मार्ग भी आसान बनाता है जिससे नेटवर्क कनेक्शन के बिना भी भुगतान किया जा सके, यह इसे वर्तमान में एनपीसीआई के सबसे बेहतरीन लॉन्च में से एक बनाता है। यह भारत-भर में उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल भुगतान को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में कैशलेस अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी । हमें आशा है कि भारत के लोग कम राशि वाले भुगतानों के लिए इस तेज़ और आसान फीचर को स्वीकार करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *