भुवनेश्वर : द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को नशा को एक विकार बताया और कहा कि यह सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक और मानसिक अभिशाप है तथा समाज का सबसे बड़ा दुश्मन है। ओडिशा में मयूरभंज जिले के हाटबादरा में ब्रह्म कुमारी केंद्र के ‘व्यसन मुक्त ओडिशा’ अभियान की शुरुआत करते हुए मुर्मू ने कहा कि लोगों को नशे की लत और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का यह एक नेक काम है। नशा परिवार को खत्म कर देता है और समाज में तनाव पैदा करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब लोग नशीली पदार्थों के सेवन के बुरे प्रभावों को समझेंगे, तो वे निश्चित रूप से इसे छोड़ने का प्रयास करेंगे। राष्ट्रपति ने आध्यात्मिकता के माध्यम से एक स्वस्थ समाज के निर्माण में संलग्न होने के लिए ब्रह्मा कुमारी केंद्र की सराहना की और ‘व्यसन मुक्त ओडिशा’ अभियान की सफलता की कामना की।
