2 नगर पालिका और 3 नगर पंचायत के लिए मतदान
बलरामपुर। बलरामपुर जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए हो रहे मतदान के लिए गुरुवार सुबह से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिली। जिले में शांतिपूर्वक मतदान के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए। वहीं फर्जी आधार कार्ड से मतदान करने पहुंचे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सुबह 11 बजे तक 24.37 फीसदी मतदान हुए हैं। वहीं एक बजे तक 42 फीसदी मतदान हुआ है। दोपहर 3 बजे तक 47.38त्न मतदान हुआ है। जिले के दो नगर पालिका परिषद और तीन नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहे हैं। सुबह से ही मतदाता अपने मत का प्रयोग करने को निकल गए हैं। मतदान को लेकर लोग काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि मत हमारा अधिकार है और इसका प्रयोग सभी को करना चाहिए। इसके अलावा कई मतदाता बोले कि पहले हमने मतदान का संकल्प लिया था इसके बाद जलपान करना है। इसीलिए सुबह से मतदान को निकल पड़े। जिले के शांतिपूर्वक मतदान के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों के साथ पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जिलाधिकारी महेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, एडीएम प्रदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव सहित तमाम पुलिस के अधिकारी मतदान केंद्रों पर लगातार भ्रमण कर जरूरी दिशा निर्देश देते हुए नजर आए।
