दरगाह जियारत को जा रहे थे कार सवार; मरने वालों में मां-बेटे, भाई-बहन शामिल
दूदू (जयपुर)। जयपुर-अजमेर हाईवे पर टायर फटने से एक टैंकर अल्टो कार पर पलटा गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह से पिचक गई। हादसे में 8 लोगों की मौत और 1 गंभीर घायल हो गया। कार सवार लोग अजमेर दरगाह जियारत के लिए जा रहे थे। हादसा दूदू के के रामनगर इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि कार सभी मृतक फागी के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि टैंकर का टायर फटते ही वह डिवाइड तोड़ते हुए अल्टो पर पलट गया। इसमें सात की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर घायल ने जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दौरान टैंकर ने एक मोटर साइकिल सवार युवक को भी चपेट में ले लिया था।
हादसे में इनकी हुई मौत
इस हादसे में फागी के जुम्मा मस्जिद के पास के रहने वाले हनीफ के परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। मरने वालों में हनीफ की पत्नी हसीना (50), बेटा ईसराइल (30) और मुराद (13), बहू फरजाना (27) पत्नी ईसराइल, पोती रोहीना (8), पोता सेरान (3), दामाद शकील और रिश्ते में रहने वाला सोनू (14) शामिल है। वहीं ईसराइल के बेटे अरमान की हालत गंभीर बनी हुई है।
