गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर से लाखों की लूट

बरेली : उत्तर प्रदेश में बरेली के प्रेमनगर क्षेत्र में रिटायर्ड बैंक मैनेजर की पत्नी को बंधक बनाकर बदमाश लाखोंं के जेवर नकदी लूट ले गये। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि बदमाशों ने गुरुवार रात 2.33 से लेकर 3.44 बजे तक लूटपाट की है और तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। टीबरीनाथ मंदिर रोड बीडीए कॉलोनी निवासी रिटायर्ड बैंक मैनेजर राजेश्वर दयाल सिंह ने बताया कि वह तीसरी मंजिल पर सो रहे थे। दूसरी मंजिल पर उनकी पत्नी और दिव्यांग बेटा सो रहे थे। देर रात एक बदमाश की एंट्री घर में हुई है। कुल तीन बदमाश थे। दो पहले से ही छुपे थे। बदमाशों ने पत्नी के दोनों हाथ पैर बांध दिए। गले में चुन्नरी लपेट कर मुंह ढक दिया। पत्नी बेहोश पड़ी थी। बराबर में उनका दिव्यांग बेटा लेटा था। अलमारी खुली पड़ी थी। उसमें रखा लाखों का सामान, जेवर, कैश गायब है। बदमाशों की दहशत से बैंक मैनेजर की पत्नी बेसुध हो गई। इस वजह से वह लूटे गए जेवर, कैश और कीमती सामान का ब्योरा नहीं दे पा रही हैं। राजेश्वर दयाल सिंह ने पुलिस को बताया की पत्नी के होश में आने और स्थिति ठीक होने पर वह गायब सामान के बारे में उन्हें बताएंगे। उन्होने बताया कि सुबह 5:30 बजे जब तीसरी मंजिल से नीचे आए तो उन्होंने देखा कि मेन गेट का लॉक खुला है। दूसरी मंजिल पर दरवाजा का बाहर से कुंडा लगा था। इसे खोलकर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *