गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा की गठबंधन सरकार, लुटेरी सरकार है

सिरसा : इंडियन नेशलन लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने शुक्रवार कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार लुटेरी सरकार है जो दोनों हाथों से जनता के खून-पसीने की कमाई को लूटकर अपनी तिजोरी भर रही है।चौटाला ने शुक्रवार को डबवाली रोड पर इनेलो जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इनेलो सत्ता की लोभी नहीं है, वह तो केवल जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही है और प्रदेशवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक कर रहे हैं। हरियाणा में चल रही पद परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में इस पदयात्रा की खासी चर्चा है और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को प्रदेशवासी सिर आंखों पर बिठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा आगामी जून के प्रथम सप्ताह में सिरसा आ सकती है, इसलिए इस पदयात्रा की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारी कर लें और अधिक से अधिक लोगों को इस पदयात्रा का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने बताया कि जिस प्रकार प्रदेशवासी इनेलो को अपना प्यार और समर्थन दे रहे हैं, उससे निश्चित है कि प्रदेश में अगली सरकार इनेलो की होगी और फिर से सही मायने में हरियाणा के विकास की सही तस्वीर को उकेरा जाएगा। आज न ही अस्पताल में चिकित्सक हैं और न ही दवाएं, स्कूलों के भवन जर्जर हैं तो अध्यापकों की कमी के चलते बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। हरियाणा में टूटी सडक़ों, बढ़ते अपराध के साथ व्यापारियों पर टैक्सों की इतनी अधिक मार मारी जा रही है कि दो वक्त की रोटी का भी संकट पैदा हो गया है। मुख्यमंत्री आवास में किसी की समस्याएं नहीं सुनी जाती हैं और वह सूना पड़ा रहता है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वर्ष 2024 में इनेलो की सरकार बनते ही बुढ़ापा सम्मान भत्ता 7500 रुपए मासिक और युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता 21 हजार दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *