गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गैंगस्टर मुख़्तार अंसारी का इनामी साथी गिरफ़्तार

चंडीगढ़/ मोहाली : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने शनिवार गैंगस्टर मुख़्तार अंसारी के करीबी हरविन्दर सिंह उर्फ जुगनू वालिया को मोहाली से गिरफ़्तार किया1 पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि मुलजिम जुगनू वालिया, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और कत्ल, कत्ल की कोशिश, जबरन वसूली आदि जैसे कई आपराधिक मामलों में शामिल है, उत्तर प्रदेश पुलिस को कई आपराधिक मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ़्तारी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से एक लाख रुपए का इनाम भी रखा गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने उसके कब्ज़े में से .32 बोर पिस्तौल समेत छह कारतूस, लाखों रुपए की विदेशी करेंसी, एक स्कोडा कार और दो वॉकी टॉकी सेट भी बरामद किये।
श्री यादव ने बताया कि ठोस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुये एजीटीएफ की पुलिस टीमों ने एडीजीपी प्रमोद बाण के नेतृत्व में और एआईजी सन्दीप गोयल की सहायता से स्पेशल ऑपरेशन चला कर मुलजिम जुगनू वालिया को मोहाली से गिरफ़्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस टीमों का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राजन परमिन्दर और रमनदीप सिंह कर रहे थे। एडीजीपी प्रमोद बाण ने कहा कि पुलिस टीमों ने एफआईआर दर्ज करके आगे जांच शुरू कर दी है और इसमें आगे और खुलासे होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इस सम्बन्धी हथियार एक्ट की धारा 25 (7,8) और भारतीय दंड संहिता (आई. पी. सी.) की धारा 120-बी अधीन पुलिस स्टेशन स्टेट क्राइम पंजाब, एस. ए. एस. नगर में एफ. आई. आर नं. 3 तारीख़ 6.5.2023 दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *