सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात; तीन को दबोचा
नई दिल्ली। अमन विहार इलाके में एक युवक को गोली मारने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाश हत्या के कई मामले में शामिल रहे हैं। फिलहाल वह जमानत पर जेल से बाहर थे और इलाके में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी की थी। इनके कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो कारें बरामद की हैं। वहीं इससे पहले कालकाजी इलाके में एक फ्लैट में हुक्का बार में फायरिंग हुई थी। एक शख्स को गोली मार दी गई थी।
पुलिस ने किया हत्या का प्रयास का मामला दर्ज
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान प्रेम नगर निवासी अमित मान, योगेश फोगाट और मंगोलपुर गांव निवासी रोहित के रूप में हुई है। 5 मई को पुलिस को अमन विहार इलाके में एक युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल किरारी निवासी विक्की को महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वर्चस्व को लेकर इलाके में हुई गोलीबारी
घटनास्थल की जांच करने के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसके जरिए थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने तीन बदमाशों की पहचान की। तकनीकी जांच में बदमाशों का लोकेशन मादीपुर इलाके में आ रहा था। उसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि अमित मान पर पहले से हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह जेल से जमानत पर बाहर है। अमित का पीड़ित से पहले से विवाद चल रहा था। इलाके में वर्चस्व को लेकर आरोपी ने उसको गोली मारी है।
तीनों आरोपियों पर हैं कई मुकदमें दर्ज
अमित मान फाइनेंसर का काम करता है। वह अपराधी है और उसपर हत्या और हत्या के प्रयास सहित 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं योगेश फोगाट एक कॉल सेंटर में कर्मचारी है। वह अमित मान की जीवन शैली से प्रभावित होकर उसके गिरोह में शामिल हो गया। रोहित बाउंसर है और उस पर पहले से आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के छह मामले दर्ज हैं। वह पिछले मामलों में जमानत पर है और आपराधिक मामलों में अमित का साथी है। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
वर्चस्व के लिए की इलाके में गोलीबारी
