गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बस दुर्घटना मामले में गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र में आज हुई बस दुर्घटना में मृत 24 यात्रियों के मामले में पुलिस ने बस चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। खरगोन के पुलिस अधीक्षक डीएस यादव के मुताबिक बस चालक सुनील राठौर कंडक्टर संतोष बारचे और बस मालिक प्रवीण सोनी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या संबंधी धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस दुर्घटना में बस कंडक्टर संतोष बारचे की मृत्यु हो चुकी है जबकि बस चालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों ने क्षमता से अधिक सवारी को बैठाने के बाद बस को तेज व लापरवाही से चलाया।
घटना के बाद जिले भर में वाहनों की बहुआयामी चेकिंग और दस्तावेजों की जांच पड़ताल आरंभ कर दी गई है। इसके अलावा आज रात्रि जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और पुलिस अधीक्षक डीएस यादव की उपस्थिति में बस संचालकों तथा ट्रांसपोर्टरों की बैठक भी रखी गयी। उल्लेखनीय है कि आज सुबह इंदौर की ओर जा रही निजी यात्री बस खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र के डोंगर गांव के समीप अनियंत्रित होकर बोराड़ नदी के पुल से नीचे गिर गई थी। घटना में 24 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 47 अन्य घायल हुए थे। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री समेत अन्य राजनेताओं ने घटना को लेकर दुख प्रकट किया था। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *