बहराइच : उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में चचेरे भाईयों की नदी में डूब कर मृत्यु हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ज़िले के थाना बौंडी अंतर्गत ग्राम भंवरी निवासी रिंकू पाठक का पुत्र लव (07) और पिंटू पाठक का पुत्र श्याम जी (08) चचेरे भाई हैं। मंगलवार शाम को दोनों परिजनो को बताये बगैर गांव के निकट बहने वाली भौंरी नदी में स्नान करने के लिए नदी में चले गए। स्नान करते समय चचेरे भाई गहरे पानी में चले गए और डूब गए। रात आठ बजे तक चचेरे भाई घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की।
परिवार के लोग भंवरी नदी के तट पर पहुंचे तो बच्चों का चप्पल और कपड़ा देखा। इस पर उन्हें बच्चों के नदी में डूबने की आशंका जताई। थानाध्यक्ष गणनाथ प्रसाद ने बताया कि बुधवार सुबह दोनों बालकों के शव नदी से बरामद हो गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि भौंरी नदी में जहां चचेरे भाई स्नान कर रहे थे वहां पर एक गड्ढा है। उसी गड्ढे में चचेरे भाई हंसकर डूब गए और मदद की गुहार भी नहीं लगा पाए। उसी गड्ढे में डूब कर दोनों की मौत हो गई।
