जौनपुर : उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम मिट्टी की ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के डेहडी गांव में एक व्यक्ति के यहां मिट्टी ढुलाई का काम चल रहा है। उसी में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली लगे हुए हैं। आज शाम करीब साढ़े पांच बजे एक ट्रैक्टर मिट्टी गिराकर वापस जा रहा था, इसी दौरान घर के बाहर खेल रहा रामफेर बिंद का 10 वर्षीय पुत्र अंश ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना पाकर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजनों ने रोक दिया। उन्होंने सड़क जाम कर दिया और ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए खेतासराय थाने की पुलिस भी बुला ली गई। शाम करीब सात बजे के बाद परिजन शव को सौंपने के लिए तैयार हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से किशोर की मौत
