गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मणिपुर के हालत हो गये हैं बहुत खराब

नई दिल्ली : कांग्रेस ने मणिपुर में हिंसा की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से राज्य में शांति बहाली के लिए तत्काल कदम उठाने, मृतक परिजनों को 20 लाख रुपए का मुआवजा देने और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है । कांग्रेस के मणिपुर के प्रभारी भक्त चरण दास ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मणिपुर के हालत बहुत खराब हो गये हैं। हिंसा के कारण वहां लोग तबाह हो गए हैं और अपनों को खोने के बाद राहत शिविरों में रहने को विवश है लेकिन आश्चर्य की बात है कि केंद्र सरकार हिंसा रोकने और शांति बहाली के कोई उपाय नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा “ हिंसा के कारण मणिपुर में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, 40 हजार लोग प्रभावित हैं और 20 हजार लोग शिफ्ट किए गए हैं। हजारों घर बर्बाद हो गए और राज्य के 15-20 पुलिस स्टेशनों से एके-47 समेत कई हथियारों को लूटा गया है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि मणिपुर में हालात बहुत गंभीर हैं। उन्होंने सवाल किया कि कि जब पूरा राज्य हिंसा की चपेट में है तो गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर का दौरा क्यों नहीं करते है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील क्यों नहीं करते हैं। उनका यह भी कहना था कि केंद्र सरकार राज्य में शांति बहाली और लोगों के जीवन की रक्षा के लिए कदम क्यों नहीं उठा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *