अजमेर : राजस्थान में अजमेर में अलवरगेट थानाक्षेत्र के राजासाईकल चौराहे से मदार की ओर के रास्ते पर आज दिन दहाड़े एक लड़की की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिस जगह दिन दहाड़े हत्या की गई उसके नजदीक ही नाका मदार पुलिस चौकी भी है लेकिन हमलावर अपना काम कर फरार हो गये।औ प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार लड़की जहां खड़ी थी ,वही पर दुपहिया वाहन पर आये हमलावर ने ताबड़तोड़ चाकू मार उसे गम्भीर घायल कर दिया जिससे खून बहने लगा। पिंटू नामक एक युवक ने हिम्मत कर खून से लथपथ लड़की को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय पहुंचाया लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका धोलाभाटा निवासी कीर्ति बताई जा रही है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
