मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) को नासिक स्थित प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पुरुषों के एक समूह के प्रवेश करने की कोशिश के बाद भड़की हिंसा की घटना की जांच का आदेश दिया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़ के इकट्ठा होने की कथित घटना पर प्राथमिकी दर्ज करके सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने घटना की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रैंक के अधिकारियों की अध्यक्षता में एसआईटी के गठन का भी आदेश दिया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक एसआईटी न केवल नवीनतम घटना की जांच करेगी, बल्कि पिछले साल इसी तरह की एक घटना की भी जांच करेगी जिसमें कुछ भीड़ कथित तौर पर मुख्य द्वार के माध्यम से त्र्यंबकेश्वर मंदिर के अंदर घुस गयी थी।
स्थानीय पुलिस ने हालांकि तर्क दिया है कि मंदिर में कथित अनधिकृत प्रवेश की अफवाह निराधार थी और यह घटना कुछ गलतफहमियों के कारण हुई। उल्लेखनीय है कि शनिवार तड़के उस समय तनाव फैल गया जब कथित तौर पर लोगों की भीड़ त्र्यंबकेश्वर मंदिर के बाहर जमा हो गई और फिर परिसर में जबरन घुसने का प्रयास किया। जिसके कारण वहां हिंसक झड़प हो गयी। मंदिर के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मामले में उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है।
विशेष जांच दल नासिक हिंसा की जांच करेगा
