भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता सिर्फ वोट के लिए सोचते हैं और उसके लिए असत्य बोलकर जनता काे ठगने की कोशिश करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टीजनों से पूरी तरह तैयार रहने का अनुरोध करते हुए कहा कि इसमें जीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ही होगी। चौहान ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और वीरेंद्र कुमार, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेता एवं पदाधिकारी थे।
चौहान ने दिनभर चले विभिन्न सत्रों के बाद अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस इन दिनों घबराई हुयी है। हमारी सरकार लाड़ली बहना योजना लायी, तो वो (कांग्रेस) नारी सम्मान योजना की बात करने लगे। वे लाड़ली बहना जैसी योजना से घबरा गए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि वो (कांग्रेस नेता) केवल वोट का सोचते हैं और इसके लिए असत्य बोलते हैं। वो कालनेमि (रामायण महाकाव्य का एक पात्र) हैं, जो रूप बदल बदल कर आते हैं और जनता को छलने का, ठगने की कोशिश करते हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में जीत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि छोटी मोटी नाराजगी हो सकती है, लेकिन सबको एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में महाविजय सुनिश्चित करना हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता भी विजय का संकल्प लें, जिनकी टिकट की लालसा पूरी नहीं हो पाए। ऐसे लोगों को भी पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना होगा।
चौहान ने चुनाव में पार्टी की विजय का आधार समझाते हुए कहा कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा व्यक्तित्व है। देवदुर्लभ कार्यकर्ता हैं। इसके अलावा भाजपा सरकार ने जनहित के सैकड़ों हजारों कार्य किए हैं। इन्हें हमें ठीक ढंग से जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस मैदान में कुछ भी नहीं है और वह भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती है। भाजपा का बूथ लेवल पर बेहतर कार्य हुआ है, लेकिन बूथ से जुड़े लोगों को और बेहतर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दिनों उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिलने की नई व्यवस्था शुरू की है। वे हाल के दिनों में देवास और निवाड़ी जिला गए, तो वहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं से विशेष पंडाल में अलग से मिले और उनके साथ बातचीत का सिलसिला प्रारंभ किया। इसी तरह आज यहां से जाने वाले कार्यकर्ताओं से आज रात ही मुख्यमंत्री निवास पर मिलेंगे और कल जाने वाले कार्यकर्ताओं से सुबह मुख्यमंत्री निवास में मिलेंगे।
इसके पहले वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने संबोधन में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की तैयारियों और आगामी रणनीति के संबंध में मौजूद नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बताया। कुछ नेताओं ने कथित तौर पर जिला प्रभारी मंत्रियों की संबंधित जिलों में निष्क्रियता और जिला स्तर के पदाधिकारियों के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति व्यवहार का भी जिक्र किया और कहा कि इन सबमें सुधार की आवश्यकता है। श्री कैलाश विजयवर्गीय के भाषण के दौरान सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनकी बातों का समर्थन किया।
दरअसल इस वर्ष के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा वर्ष 2003 से राज्य में सत्ता में है, हालाकि दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक लगभग 15 माह कांग्रेस की सरकार रही। तत्कालीन राजनैतिक घटनाक्रमों के चलते कांग्रेस सरकार का पतन हुआ और श्री चौहान फिर से मुख्यमंत्री बने। अभी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में उत्साहवर्धन देखा जा रहा है। कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ दल भाजपा के खिलाफ कथित सत्ताविरोधी रुझान (एंटी इंकंबेंसी) का लाभ लेकर अनेक घोषणाएं भी कर चुकी है। इसमें मुख्य रूप से नारी सम्मान योजना और बिजली बिल में राहत जैसे प्रमुख वचन शामिल हैं।
