नई दिल्ली : कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक सिद्दारमैया और शिवकुमार ने दोनों नेताओं से मुलाकात की और उन्हें शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। बाद में शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, “हम कल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपने सभी वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करना चाहते हैं। इसलिए हम यहां उनसे मिलने और उन्हें आमंत्रित करने आये हैं।” विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से किये गये वादों के मुताबिक पांच गारंटियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “हमें पूरा करना है। पहले मंत्रिमंडल में हम इसे लागू करेंगे।” इससे पहले अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि शनिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। हाल ही में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135 विधानसभा सीटें जीती है।
