जम्मू : देश के कई राज्यों में गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत के साथ ही तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के मद्देनजर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड आने वाले श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा का सर्वोत्तम अनुभव सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता उपायों के साथ कमर कस रहा है। जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में कटरा शहर की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित पवित्र तीर्थस्थल पर अगले कुछ महीनों में श्रद्धालुओं के उमड़ने का अनुमान है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ)अंशुल गर्ग ने शनिवार को आध्यात्मिक विकास केंद्र, कटरा में सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने रेखांकित किया कि चूंकि देश में गर्मी की छुट्टियां करीब हैं और तीर्थस्थल एक पर्यटन स्थल होने के कारण आधार शिविर कटरा सहित अन्य स्थानों पर भक्तों की भारी भीड़ की उम्मीद है।
श्री गर्ग ने आने वाले दिनों में परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए विभिन्न मोर्चों पर कार्रवाई करने पर जोर दिया, जिसमें आरएफआईडी कार्ड जारी करना और सत्यापन करना, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, ट्रैक पर और कटरा शहर में ठहराव क्षेत्रों में वृद्धि करना, भवन क्षेत्र, भवन में प्रवेश, निकास मार्गों का पृथक्करण और पूरे रास्तें को जाम से मुक्त करने की योजना पर काम करना शामिल है। उन्होंने कहा कि सात सौ से अधिक कैमरों के एक समर्पित सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से हर समय निगरानी की जानी है। सभी प्रवेश बिंदुओं पर तैनात सभी एजेंसियों को और अधिक सतर्क रहना चाहिए ताकि कोई भी यात्री बिना जांच और पंजीकरण के तीर्थ यात्रा के लिए ट्रैक में प्रवेश न कर सके।
श्री गर्ग ने ट्रैक पर किसी भी संदिग्ध तत्व के अलावा टट्टू कुलियों के सत्यापन और गणना पर जोर दिया। इसके अलावा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने किसी भी आपात स्थिति के मद्देनजर सभी हितधारकों से त्वरित और सबसे प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन तैयारियों सहित आपदा प्रबंधन उपायों के विभिन्न घटकों की विस्तार से समीक्षा की।
श्री माता वैष्णो देवी के रास्तों पर निगरानी रखेंगे सीसीटीवी
