गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर : हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में रविवार को 23 से 25 मई के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें गिरने तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया गया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 23 मई को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की नारंगी चेतावनी भी जारी की है तथा 25 और 26 मई से बादलों की गर्जना और बिजली चमकने के साथ अलग-अलग स्थानों के लिए पीली चेतावनी जारी की। मौसम कार्यालय ने कश्मीर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर इस अवधि के दौरान भारी वर्षा होने की संभावना जतायी है।
विभाग के अनुसार रविवार को देर दोपहर या शाम को कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। विभाग ने किसानों को फसलों पर स्प्रे करने और अवधि के दौरान कटी हुई फसलों का सुरक्षित भंडारण करने की भी सलाह दी है।नगर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम की इस अवधि के दौरान जम्मू और कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के लिए सामान्य था। हालांकि, दिन का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जो रविवार को 25.2 डिग्री सेल्सियस था।नगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम कार्यालय के अनुसार दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के लिए सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम था। कोकेरनाग में 11.1 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक, जबकि कुपवाड़ा में सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कार्यालय ने कहा कि गुलमर्ग में रविवार को कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट के लिए तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *