गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नीरज को मिली फिनलैंड में प्रशिक्षण की मंजूरी

नई दिल्ली : युवा मामलों और खेल मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के फिनलैंड के कुओर्तने में प्रशिक्षण लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। नीरज को जून में विश्व एथलेटिक्स के कई स्वर्ण स्तरीय आयोजनों में हिस्सा लेना है, जिसके लिये उन्होंने फिनलैंड के कुओर्तने ओलंपिक प्रशिक्षण केंद्र में तैयारी करने का फैसला लिया है। डायमंड लीग 2022 का खिताब जीतने वाले नीरज ने पिछले साल भी यही प्रशिक्षण योजना अपनाई थी। नीरज हाल ही में डायमंड लीग के दोहा चरण में पहले स्थान पर रहे, जिसके बाद वह विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले पहले भारतीय भाला फेंक एथलीट भी बन गये।
इसी बीच, खेल मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि टेबल टेनिस खिलाड़ी पायस जैन को ताइवान में आधुनिक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी गयी है। भारत के शीर्ष पैडलर सत्यन ज्ञानशेखरन और मणिका बत्रा को भी व्यक्तिगत कोच के रूप में क्रमश: रमन सुब्रमण्यम और अमन बाल्गु को कई आयोजनों के लिये ले जाने की अनुमति दे दी गयी है। मणिका और अमन जहां डब्ल्यूटीटी कंटेंडर आयोजनों के लिये ज़ाग्रेब (क्रोएशिया) और लुब्लियाना (स्लोवेनिया) रवाना होंगे, वहीं सत्यन और रमन ज़ाग्रेब एवं लुब्लियाना के साथ-साथ ट्यूनिस (ट्यूनीशिया) में भी डब्ल्यूटीटी कंटेडर आयोजन में हिस्सा लेंगे।
वित्तीय सहायता में खिलाड़ियों के हवाई यात्रा व्यय, शिविर व्यय, बोर्डिंग और लॉजिंग लागत, चिकित्सा बीमा और अन्य खर्चे शामिल होंगे। इसी बीच, एमओसी के सदस्यों ने रोवर सलमान खान को भी टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) विकास समूह में शामिल कर लिया। हरियाणा के मेवात क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले सलमान ने पिछले साल गुजरात राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *