चंडीगढ़ : हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के आरोप में आबकारी एवं कराधान विभाग के फरीदाबाद में तैनात निरीक्षक और डाटा एंट्री ऑपरेटर को 15 हजार रूपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुये बताया कि आरोपियों की पहचान निरीक्षक विक्रम और डाटा एंट्री ऑपरेटर विनय के रूप में हुई है। इन दोनों को फरीदाबाद के सेक्टर-55 परविंदर सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विक्रम और विनय ने उनकी फर्म का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) नम्बर रद्द करने का दबाब बनाकर 15,000 रुपये की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर ब्यूरो की टीम ने प्रारम्भिक जांच के बाद तुरंत छापा मारा और विनय को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। वह विक्रम की ओर से यह रिश्वत ले रहा था। बयूरो की टीम ने इसके बाद विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत खिलाफ फरीदाबाद के एसीबी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
