रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कई विभागों में हुए औचक निरीक्षण के दौरान 5 सहायक अभियंता और 4 अवर अभियंता समेत कई कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान नदारद रहने पर जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने उनके वेतन रोकने का आदेश दिये हैं। प्रशासनिक सूत्रों से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक वर्मा ने आज प्रातः करीब पौने ग्यारह बजे शहर के जल निगम , रायबरेली विकास प्राधिकरण एवं शारदा सहायक खण्ड-6 कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर द्वारा कर्मचारियों की उपस्थिति तथा अनुपस्थिति की जांच की गई। जल निगम शहरी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सहायक अभियन्ता संतोष कुमार दिवाकर, नियमित कर्मचारी फील्ड रंजना मिश्रा, वरिष्ठ सहायक शिप्रा अग्रवाल अनुपस्थित पाये गये।
इसी तरह रायबरेली विकास प्राधिकरण कार्यालय के निरीक्षण के समय सहायक अभियन्ता संजीव कुमार, धमेन्द्र कुमार सिंह एवं कायम अली रिजवी सहित अवर अभियंता महेन्द्र शर्मा, अशोक कुमार मिश्र, आनन्द कुमार अस्थाना तथा धनेश कुमार नदारत मिले। इसी प्रकार शारदा सहायक खण्ड-6 कार्यालय के निरीक्षण के समय सहायक अभियन्ता विनोद कुमार व ड्राफ्टमैन अनुपस्थित मिले।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की अनुपस्थिति के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने का आदेश दिया है।
लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन रोके गये
