चार दिनाें तक बारिश के आसार
श्रीनगर : कश्मीर में शुक्रवार को लगातार बारिश से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग ने चार और दिनों तक मौसम के खराब रहने का अनुमान जताया है। विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक श्रीनगर में गुरुवार रात से 12.3 मिमी बारिश हुई है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में 7.4 मिमी बारिश हुई जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में 5.3 मिमी बारिश हुई। अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग में आठ मिमी बारिश हुई जबकि पहलगाम में 9.9 मिमी बारिश हुई। पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश का मौसम भी घाटी में तापमान में गिरावट का कारण बना।
दिन के तापमान में 6-10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जबकि रात के तापमान में सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में दिन का तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से लगभग सात डिग्री कम है। पहलगाम में दिन का तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कश्मीर में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश, गरज, बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। आगामी 29 मई से 30 मई तक भारी बारिश के आसार हैं।
विभाग ने सोमवार से दो दिन के लिए कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।
