जम्मू : जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने शनिवार को कहा कि राज्य के लोगों की सेवा करना ही उनका एकमात्र मकसद है और यही कारण है कि उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति से इस्तीफा दे दिया। आजाद ने राजौरी जिले की अपनी दो दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और कहा कि दिल्ली में कई लोगों ने उनसे सम्पर्क किया और राज्यसभा में सीट दिलाने का आश्वासन दिया , लेकिन मैंने मना कर दिया क्योंकि मैं यहां अपने लोगों की सेवा करना चाहता हूं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं राजनीति के पाम्परिक तरीके में विश्वास नहीं करता हूं , मैं समझता हूं कि यह नेताओं का काम है कि वे लोगों से मिलें और उन्हें और उनके मुद्दों को सुनें। आजाद ने कहा कि लोगों को मौजूदा अराजकता से बाहर निकालने की उनकी प्रतिबद्धता है और वह लोगों के अधिकारों और न्याय के लिए लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम यहां रैलियां करने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि हम आपकी शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने के लिए हमेशा आपके साथ हैं।
आजाद ने राजौरी के लोगों से वादा किया कि अगर वे सत्ता में आते हैं तो वे उनकी सेवा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और क्षेत्र में विकास कार्य करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के महासचिव आर.एस.चिब, मुख्य प्रवक्ता सलमान निजामी, प्रांतीय उपाध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य अशोक शर्मा, जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, अरुण शर्मा बीडीसी अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
