बुलढाणा/नागपुर : महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार को कार के डिवाइडर से टकरा जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि दुर्घटना समृद्धि एक्सप्रेसवे पर देवुलगांव कोल गांव के समीप आज सुबह लगभग साढ़े पांच बजे हुई। कार में तीन लोग सवार थे और जब दुर्घटना हुई तब उनमें से दो लोगों की कार में ही मौत हो गई जबकि उनमें से एक व्यक्ति वाहन से बाहर गिर गया।
उन्होंने बताया कि डिवाइडर से कार के टकराते ही उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार दो लोगों को इससे बाहर निकलने का भी अवसर नहीं मिला और कार के अंदर ही जलकर उनकी मौत हो गई जबकि वाहन से बाहर गिरे एक व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है और आगे की जांच चल रही है। गौरतलब है कि दिसंबर, 2022 में शुरू किए गए मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर अबतक हुई दुर्घटनाओं में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 150 लोग घायल हो चुके हैं।
सड़क हादसा : तीन की मौत
