गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शुगर फैक्ट्री में लगी आग, पाया गया काबू

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल अनुविभाग के मेन्द्राणा में स्थित शुगर फैक्ट्री में आज लगी आग को तीन राज्यों के दमकल वाहनों ने करीब 6 घंटे की मशक्कत से काबू पाया। पानसेमल के थाना प्रभारी लखन सिंह बघेल ने बताया कि सेंधवा खेतिया राजमार्ग पर स्थित मेन्द्राणां की दुर्गा खांडसारी फैक्ट्री में दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। फैक्ट्री मैनेजर द्वारा सूचित किए जाने के उपरांत तत्काल राहत व बचाव के कार्य आरंभ किए गए। फैक्ट्री के अपने साधन नाकाफी रहने के चलते बड़वानी जिले के खेतिया, पानसेमल, निवाली, पलसूद, राजपुर, सेंधवा ,बड़वानी तथा पास ही लगे महाराष्ट्र के दोंडाईचा, नंदुरबार और शाहदा से दमकलों को बुलाया गया। इसके अलावा गुजरात के व्यारा से फॉगिंग सिस्टम व्हीकल को भी बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि शाम छह बजे तक करीब 70 प्रतिशत आग पर काबू पाया जा चुका था। रात्रि आठ बजे तक आग पर नियंत्रण हो चुका था, लेकिन गन्ने के छिलकों में लगी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई है। उन्होंने बताया कि शुगर फैक्ट्री में विभिन्न तरीके के यूनिट है और आग को एथेनॉल प्लांट तक पहुंचने के पूर्व नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में उस दौरान उपस्थित करीब 50 कर्मचारी व मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए। हालांकि कुछ मजदूरों को सांस लेने में परेशानी हुई लेकिन वे बाद में ठीक हो गए।
फैक्ट्री के एक पार्टनर गोविंद गोयल ने बताया कि बायलर को जलाने के लिए रखे गए करीब 15000 टन गन्ने के छिलकों में संभवतः शार्ट सर्किट से आग लगी और यह मशीनरी व अन्य स्थानों तक पहुंच गई। एक अन्य पार्टनर कपिल गोयल ने बताया कि उक्त फैक्ट्री में शक्कर और एथेनॉल बनाने के अलावा बिजली बनाने का प्रोजेक्ट भी स्थापित है। उन्होंने बताया कि पावर मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट की अधिकांश केबल जल गई। उन्होंने बताया कि करीब 25 एकड़ क्षेत्र में स्थापित ऑटोमेटिक फैक्ट्री में उस दौरान मौजूद कर्मचारी व मजदूर सुरक्षित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *