खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह के समीप काटकूट रोड पर स्थित पेट्रोल पंप से दो अज्ञात लोगों ने कैशियर को झांसे में डालकर दो लाख रुपये से अधिक की चोरी कर ली। बड़वाह के थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि यहां से करीब 4 किलोमीटर दूर अंशिका फ्यूल स्टेशन में कल रात्रि दो अज्ञात बदमाशों ने कैशियर को झांसे में लेकर 2.15 लाख रुपये की चोरी कर ली।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने एक लीटर ऑयल खरीदने के बाद 2000 रुपये का नोट दिया था जिस पर कैशियर नितिन सराफ ने कहा कि अधिक सामान लेने पर ही 2000 रुपये का नोट चलेगा। इसके बाद उसने आरोपियों को कुछ राशि लौटाई और वे चले गए। कुछ देर बाद दोनों आरोपियों ने आकर कैशियर से 5 लीटर ऑयल मांगा, जिस पर कैशियर अपने केबिन से बाहर निकल कर ऑयल का डब्बा देने चले गया।
इस बीच दूसरा आरोपी कैशियर की कुर्सी पर आराम से बैठा और उसने ड्रॉज में रखी उक्त राशि निकाल ली। बाद में कैशियर को घटनाक्रम का पता चलने पर उसने करीब 8:30 बजे रात को पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में घटना की पुष्टि होने के उपरांत विवेचना आरंभ कर दी है।
