गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बहराइच में आग लगने से 15 मकान स्वाहा

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह आग लगने से 15 मकान जल कर राख हो गए। आग लगने से करीब 20 लाख रूपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। सूत्रों के अनुसार ज़िले के हरदी थाना क्षेत्र के मुरौवा ग्राम पंचायत के कटान पीड़ित ग्रामीणों को दो वर्ष पूर्व करेहना ग्राम पंचायत के नई बस्ती गांव में बसाया गया था। गांव निवासी चंपा देवी के मकान में गुरुवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटें तेज फैलने लगी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज पछुआ हवा के चलते लपटों ने पड़ोसी उर्मिला सिंह, तुलसीराम, कन्हैया लाल, बसंती सिंह, सिद्धू, मुरली, ननकुन, दिनेश सिंह, सियाराम, परमा प्रसाद, मुन्नी देवी, रामू वर्मा, पवन, विपिन सिंह के घरों को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते 15 घर जल गए हैं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया है। गांव में महज अब तीन मकान ही बचे हैं। एक बकरी की भी आग में जलाकर मौत हो गई। अग्निकांड में करीब 20 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। आग लगने की सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार मौर्य, सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय, लेखपाल शिव प्रकाश पांडेय, ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील दीक्षित, पूर्व ग्राम प्रधान रमाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। सभी ने मौके की जांच की। एसडीएम राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि क्षति की रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को राहत सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अग्निकांड पीड़ितों को करेहना और मुरौवा गांव के कोटेदारों द्वारा 10/10 किलो खाद्यान्न व तिरपाल वितरण के भी निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *