2 गिरफ्तार, 8 पिस्टल बरामद
अलवर : राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी पुलिस जिला मुख्यालय द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ की गई कार्रवाई में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 पिस्टल 32 बोर की बरामद की हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि डीएसटी टीम 2-भिवाड़ी के कानि.चालक ओमप्रकाश को सूचना मिली जिसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी वृत्त सुजीत शंकर के सुपरवीजन थाना कोटकासिम के थानाधिकारी दारासिंह के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई और मंढ़ा गांव से बीबीरानी की तरफ कच्चे रास्ते से आते हुए एक व्यक्ति को रोका गया तो वह भागने लगा जिसे पुलिस ने घेरा देकर पकड़ा और उसके पिट्ठू बैग को चौक किया गया तो उसमें 3 पिस्टल 32 बोर की अवैध रूप से मिली।
पुलिस की पूछताछ में इस आरोपी युवक ने अपना नाम परमेश उर्फ गैणा गुर्जर निवासी खेड़ा गुजरान थाना कोटकासिम बताया। कोटकासिम थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य कार्यवाही में किशनगढ़बास के थानाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए युवक हेमन्त उर्फ काला जाट निवासी झाड़का थाना खैरथल को दौंगड़ा की तरफ जाने वाले अण्डरपास पुलिया के नीचे रोककर उसके पिट्ठू बैग में अवैध रूप से ले जाई जा रही 4 अवैध देशी पिस्टल 32 बोर मैग्जीन सहित व एक देशी पिस्टल 32 बोर बिना मैग्जिन के बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी हेमन्त उर्फ काला के खिलाफ अलवर के थाना शिवाजी पार्क, मुण्डावर,खैरथल व हरियाणा के बावल थानों में भी मामले दर्ज हैं वहीं परमेश उर्फ गैणा के खिलाफ कोटकासिम थाने पर मामले दर्ज हैं।
