हिसार : हरियाणा में हिसार जिले के मय्यड़ गांव में पूर्व सरपंच ओमप्रकाश के पुत्र विकास की उसके दोस्त ने ईंट मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि विकास के परिजनों के बयान पर उसके दोस्त संदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि विकास तथा संदीप शुक्रवार की रात एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस बीच 250 रुपए के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी कारण संदीप ने विकास के सिर पर ईंट मार कर उसकी हत्या कर दी। विकास के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब वह घूमने के लिए निकले तो गली में पुत्र का शव पड़ा देखा। शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है।
