बेंगलुरू। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार बुनियादी ढांचे के विकास और नगर निगम चुनावों पर चर्चा करने के लिए सोमवार को सर्वदलीय बैठक में देरी से पहुंचे, जिसके बाद तीन पूर्व मंत्रियों सहित पांच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विधान सौधा में बुलाई गई बैठक से बाहर चले गए। जब भाजपा विधायक बैठक छोड़कर बाहर जा रहे थे, तब आवास मंत्री जमीर अहमद खान ने उन्हें शांत करने और बैठक में शामिल होने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह विफल रहे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
बैठक से बाहर निकलने के बाद भाजपा के पूर्व मंत्री डॉ सीएन अश्वथनारायण ने उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के रवैये पर सवाल उठाया और उनपर सभी बातों को हल्के में लेने का आरोप लगाया। अश्वथनारायण ने विधान सौध में संवाददाताओं से कहा, बैठक बुलाने वाले संबंधित व्यक्ति, मंत्री, उपमुख्यमंत्री एक घंटे बाद भी वहां नहीं पहुंचे। यह उपमुख्यमंत्री के व्यवहार दर्शाता है कि वह कैसे सभी बातों को हल्के में लेते हैं। एक घंटे का इंतजार बहुत होता है इसलिए हम बैठक छोड़कर जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने बाढ़ और शहर से संबंधित अन्य विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सभी विधायकों की सर्वदलीय बैठक बुलाई थी क्योंकि उनके पास बेंगलुरु विकास मंत्रालय भी प्रभार है। बैठक से बाहर निकलने वाले अन्य पूर्व मंत्रियों में एसटी सोमशेखर, बिराथी बसवराज और मुनिरत्ना, एसआर विश्वनाथ भी शामिल हैं।
भाजपा विधायकों ने शिवकुमार की बैठक का किया बहिष्कार
