मैड्रिड : स्पेन की शीर्ष डिवीजन फुटबॉल लीग लालिगा ने “द पावर ऑफ़ आवर फुटबॉल” (हमारे फुटबॉल की शक्ति) उद्घोष के तहत मंगलवार को नयी रणनीतिक स्थिति और ब्रांड का अनावरण किया। लालीगा के ग्लोबल ब्रांड और रणनीति प्रमुख एंजेल फर्नांडीज ने नयी रणनीति पर कहा, “विगत 10 वर्षों में हमने अपने खेल के सकारात्मक मूल्यों के माध्यम से लोगों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी निभाई है। हमारा यह गुण हमारे क्लबों, हमारे प्रशंसकों और प्रतियोगिताओं तथा संबंधित गतिविधियों के हमारे सम्पूर्ण तंत्र के माध्यम से लगातार प्रदर्शित होती रहा है। नया ब्रांड इस बदलाव का प्रतीक है। यह फुटबॉल की शक्ति का निरूपण है।”
लालीगा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि वह नये ब्रांड और लोगो के साथ नये युग की शुरुआत करना चाहता है। लीग के नये लोगो में अंग्रेज़ी का अक्षर “एल” दो बार लिखा गया है, जबकि पिछले लोगो में एक फुटबॉल और इंद्रधनुष के सात रंग शामिल थे। नये लोगो का अक्षर ‘एल’ अपनी टीम के लिये गोल करने के बाद घुटनो पर बैठकर जश्न मनाते हुए खिलाड़ी को प्रतिबिंबित करता है। लालीगा ने कहा कि नया लोगो जून में शुरू होने वाले नये फुटबॉल सत्र से लीग की 42 टीमों की जर्सी पर नज़र आयेगा।
लालीगा ने नये लोगो के साथ की नये युग की शुरुआत
