इस्लामाबाद : पाकिस्तान में उत्तर पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में गुरुवार को को अज्ञात बंदूकधारियों की गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी और एक राहगीर घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमला सुबह सब्जी मंडी में उस समय हुआ जब इलाके में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने अंधाधुध गोलियां बरसायीं और मौके से फरार हो गये।
गैर-सरकारी बचाव संगठन एधी के सूत्रों के मुताबिक घायल व्यक्ति, जो एक निजी बैंक में सुरक्षा गार्ड है, को अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है लेकिन उसकी हालत गंभीर है। अभी तक किसी समूह या संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने जांच के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है और फरार हमलावरों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
खैबर पख्तूनख्वा में गोलीबारी, दो की मौत
