शिवपुरी : नरेंद्र सिंह तोमर ने देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में हाल के वर्षों में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए आज कहा कि पार्टी आने वाले 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगी। तोमर ने यहां भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेेतृत्व में भाजपा ने तय किया है कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसी लक्ष्य को लेकर की केंद्र की मोदी सरकार लगातार कार्य कर रही है।
राज्य के मुरैना संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले तोमर ने कहा कि जब 1951 में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दल का गठन किया, तो उस समय भारतीय जनसंघ के पास 10-12 कार्यकर्ता हुआ करते थे। केंद्र से लेकर राज्य तक सब तरफ कांग्रेस की सरकारें थीं। इतनी बड़ी मजबूत सरकारों के विरूद्ध पार्टी को खड़ा करना और उसको चुनौती देना अपने आप में अद्भुत था।
श्री तोमर ने देश में हाल के वर्षों में हुए विकास कार्यों के बारे में बताया और कहा कि भारत विश्व में श्रेष्ठ और गुरू बने, यही हमारा लक्ष्य है। इसी को ध्यान में रखकर मोदी सरकार और भाजपा संगठन कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम में श्री तोमर ने जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया।
दरअसल राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा इन चुनावों की तैयारियों के क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों को भेजकर केंद्र और राज्य की योजनाओं के बारे में बताने के साथ ही पुराने और कथित तौर पर उपेक्षित पार्टी कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायद में जुटी हुयी है।
भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगी भाजपा
