मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ कस्बे से लापता तीन सगी बहनों को आज पुलिस ने ग्वालियर स्थित सिंदे की छावनी में एक मकान से सकुशल बरामद कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंह नरवरिया ने यहां बताया कि उक्त तीनों बहनो ने वहां किराए से एक कमरा लिया हुआ था। उन्होंने बताया कि सबलगढ़ के सिंचाई विभाग कालोनी निवासी शिक्षक पूरन रावत की तीन नाबालिग बेटियां कल सुबह घर से कोचिंग पढ़ने गईं थीं, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी कोचिंग सेंटर से लेकर अपनी रिश्तेदारी तक तलाश की परन्तु उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों को कोचिंग संचालक ने जब तीनों बहनों के कोचिंग नहीं आने की बात कही तो वे थाने पहुंचे और उनकी शिकायत पर पुलिस ने अपहरण की धारा में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार अपहृत तीनो बहनों की उम्र 15,13 और 06 वर्ष की बताई गई है। नरवरिया के अनुसार मामले से जुड़े दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने कल ग्वालियर से हिरासत में लिया था। इन युवकों की निशान देही पर ही आज तीनों किशोरियों को ग्वालियर स्थित सिंदे की छावनी में एक कमरे से बरामद किया है। उन्होंने बताया कि अपहरण की आशंका को देखते हुए पुलिस ने किशोरियों की बरामदगी के लिये कई ठिकानों पर दबिश दी थी। पुलिस बरामद किशोरियों से अभी पूछताछ कर रही है।
लापता तीन बहनों को पुलिस ने किया बरामद
