खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर अनु विभाग के काकड़िया में आज दोपहर अनुपयोगी टायरों से फ्यूल ऑयल निकालने की फैक्ट्री में हादसा हो जाने के चलते छह मजदूर बुरी तरह झुलस गए। मण्डलेश्वर के एसडीएम अनिल जैन ने बताया कि दोपहर में हुए इस हादसे में 6 मजदूर झुलस गए। उन्हें तत्काल धार जिले के धामनोद स्थित शासकीय व निजी अस्पतालों में ले जाया गया, जहां बर्न यूनिट नहीं होने के चलते घायलों को अब प्राथमिक उपचार के उपरांत इंदौर रेफर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एक मजदूर करीब 75 प्रतिशत, तीन मजदूर करीब 40 प्रतिशत व शेष दो सामान्य रूप से झुलसे हैं। उन्होंने बताया कि काकड़िया स्थित पुराने व अनुपयोगी टायरों से फ्यूल ऑयल निकालने की फैक्ट्री संचालित है। आज बॉयलर का ढक्कन खोले जाने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बताया कि संभवतः कूलिंग पीरियड समाप्त होने के पूर्व से गर्म बॉयलर का ढक्कन खोल दिया गया। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग को आवश्यक जांच व कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। मंडलेश्वर के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनोहर गवली ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने भी अपनी जांच आरंभ कर दी है।
फैक्ट्री में हादसे में छह मजदूर झुलसे
