नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि कोविड टीकाकरण एवं कोरोना महामारी के प्रबंध के लिए बना कोविन पोर्टल पूरी तरह से सुरक्षित है और इस पर केवल ओटीपी आधारित पहुंच प्रदान की जाती है। मंत्रालय ने कोविन पोर्टल से डेटा चाेरी होने के समाचारों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस संबंध में सभी रिपोर्ट आधारहीन और शरारतपूर्ण हैं। डेटा गोपनीयता के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ स्वास्थ्य मंत्रालय का कोविन पोर्टल पूरी तरह से सुरक्षित है। पोर्टल पर सुरक्षा उपाय मौजूद हैं। पोर्टल पर केवल ओटीपी प्रमाणीकरण के साथ पहुंच प्रदान की जाती है। ओटीपी के बिना टीकाकृत लाभार्थियों के डेटा को किसी के साथ साझा नहीं किया जा सकता है।
कोविड टीकाकरण के लिए केवल जन्म का वर्ष दर्ज किया जाता है। मंत्रालय ने कहा है कि पोर्टल में डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय समय पर कदम उठाए जाते हैं। कोविन पोर्टल का प्रबंधन और स्वामित्व और प्रबंधन मंत्रालय के पास है। मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) से इस मुद्दे को देखने और एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने काे कहा गया है। इसके अलावा कोविन के मौजूदा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है।
कोविन पोर्टल पूरी तरह से सुरक्षित
