गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

13 साल बाद पुलिस ने दबोचा ईनामी बदमाश

सिरसा : हरियाणा के सिरसा थाना शहर पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में घटना के समय से करीब 13 साल से फरार चल रहे दस हजार रुपए के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि आरोपी बबन पुत्र भोगल सिंह निवासी गांव कंजियोर थाना डोबी जिला गया, बिहार पुलिस को वर्ष 2010 से वांछित था। काफी छानबीन के बाद उसकी पड़ताल के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए ईनाम भी रखा था। उन्होंने घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि वर्ष 2010 में 17/18 मई की रात्रि को वीसीआर से फिल्म देखने को लेकर मृतक जोगेंद्र तथा आरोपी बबन में आपसी विवाद हुआ था और उसी विवाद को लेकर आरोपी बबन ने जोगेंद्र सिंह को सुआ मारकर हत्या कर दी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में मृतक जोगेंद्र सिंह के भतीजे राकेश कुमार की शिकायत पर 20 मई 2010 को थाना शहर सिरसा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को इस मामले में अदालत द्वारा वर्ष 2011 में भगौड़ा घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी बबन के खिलाफ अदालत के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में थाना शहर सिरसा में भा.द.स. की धारा 174 ए के तहत एक और अभियोग दर्ज किया गया। एसटीएफ की एक टीम ने सूचना के आधार पर बबन को गया बिहार से काबू कर आगामी कार्रवाई के लिए जिला की थाना शहर सिरसा पुलिस को सौंपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *