सिरसा : हरियाणा सरकार ने किसान उत्पादन संगठन (एफपीओ ).की अनुदान राशि में हेराफेरी करने पर बागवानी विभाग के 10 अधिकारियों पर आरोपपत्र दाखिल करने के आदेश जारी किये हैं। इसके अलावा चार जिलों के खंड के एच डी ओ को सस्पेंड कर दिया है। विभाग के अतिरिक्त निदेशक और चार जिलों के जिला बागवानी अधिकारी सेवा नियम 8 के तहत जबकि चार बागवानी विकास अधिकारियों को नियम 7 के तहत चार्जशीट किया गया है।
यही नहीं, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने भिवानी जिला में सिवानी खंड के सुनील कुमार, चरखी दादरी जिला में बौंद खंड के महेंद्र, फतेहाबाद जिला में भट्टू कलां खंड की रितिका, हिसार जिला के खंड अग्रोहा के पंकज को अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल प्रभाव से ससपेंड किया गया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर हर शनिवार शाम पांच बजे केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के फीडबैक को लेकर लाभार्थियों के साथ ऑनलाइन व दूरभाष पर संवाद करते हैं।
इसी कड़ी में उन्होंने 25 मार्च को ई-संवाद कार्यक्रम के तहत किसान उत्पादक संगठन के तहत जुड़े किसानों के साथ संवाद किया था। इस दौरान जानकारी में आया कि कुछ किसानों के नाम पर लाखों रुपए की अनुदान राशि मंजूर की जा चुकी है, जबकि वास्तविक तौर पर उन्हें यह राशि मिली ही नहीं थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच गुप्तचर विभाग से करवाई तो इस भ्रष्टाचार से पर्दा उठा।
