सागर : मध्यप्रदेश के सागर जिले के बागरोद पंचायत सचिव को आज लोकायुक्त पुलिस ने तीन हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार चंद्रकुमार अहिरवार निवासी पटकुई हनौता तहसील बंडा ने लोकायुक्त कार्यालय में लिखित में शिकायत की थी कि आवेदक की माँ के नाम पर स्वीकृत कपिल धारा कूप की किश्त डलवाने के नाम पर बागरोद पोस्ट बरायठा पंचायत के सचिव देवी सिंह यादव द्वारा पांच हजार रूपए की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की जाँच पड़ताल के उपरांत उप पुलिस अधीक्षक मंजू सिंह के नेतृत्व में गठित ट्रेप दल द्वारा आज पंचायत सचिव को तीन हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है।
